गुरुवार, 11 दिसंबर 2014

प्रतिवर्ष 21 जून को अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस / WORLD YOG DAY ON 21 JUNE


-शीतांशु कुमार सहाय
संयुक्त राष्ट्र ने 21 जून को अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाने को गुरुवार 11 दिसम्बर 2014 को न्यूयार्क स्थित मुख्यालय में मान्यता दे दी। संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष सैम के. कुटेसा ने न्यूयार्क में इस आशय की घोषणा की। श्री कुटेसा ने कहा कि 170 से अधिक देशों ने अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के प्रस्ताव का समर्थन किया है जिससे पता चलता है कि योग के अदृश्य और दृश्य लाभ विश्व के लोगों को कितना आकर्षित करते हैं। संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष ने प्रधानमं़त्री नरेन्द्र मोदी को भी बधाई दी जिनकी पहल से 21 जून को हर साल अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया गया है। उन्होंने कहा कि सदियों से सभी वर्गों के लोग शरीर और मन को एकाकार करने में सहायक योग का अभ्यास करते आये हैं। योग विचारों एवं कर्म को सामंजस्यपूर्ण ढंग से एकाकार करता है तथा स्वास्थ्य को ठीक रखता है। इस अवसर पर संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून ने कहा कि इस क्रिया से शान्ति एवं विकास में योगदान मिल सकता है। यह मनुष्य को तनाव से राहत दिलाती है। उन्होंने सदस्य देशों से अपील की कि वे योग को प्रोत्साहित करने में मदद करें। 

कोई टिप्पणी नहीं: