शनिवार, 20 दिसंबर 2014

दूल्हे ने लड़कीवालों से माँगा अनोखा 'दहेज' / Unique 'Dowry'


शीतांशु कुमार सहाय।
बिहार के शेखपुरा जिले के एक गाँव में एक युवक ने दहेज के रूप में 250 पौधे लगाने की शर्त रखकर पर्यावरण की रक्षा के लिए नया संदेश देने की कोशिश की है। शेखपुरा जिले के सदर प्रखंड के बादशाहपुर गाँव के रहनेवाले डॉ. प्रभात कुमार सिन्हा के बेटे डॉ. निशीथ कुमार ने अपनी शादी के लिए लड़कीवालों से दहेज के रूप में 250 पौधे लगाने की शर्त रखी। लड़कीवालों के लिए हालाँकि यह हैरानी वाली बात थी लेकिन पर्यावरण के प्रति जागरूक निशीथ के विषय में जब पता चला तब उन्हें गौरव महसूस हुआ। लड़कीवालों ने दूल्हे की माँग तुरंत मान ली। दूल्हा निशीथ और दुल्हन डॉ. जैसलीन जोधपुर में डॉक्टर हैं। दूल्हे के पिता राँची में डॉक्टर हैं और दुल्हन भी राँची की ही रहनेवाली है। लड़कीवाले द्वारा माँग मान लेने पर डॉ. निशीथ और डॉ. जैकलीन 15 दिसंबर को शादी हो गई। लड़कीवाले भी अपने किए गए वायदे के अनुसार शुक्रवार को बादशाहपुर गाँव पहुँचे और गाँववालों की मदद से दूल्हे की जमीन पर आम, अमरूद, नींबू सहित कई प्रकार के 250 पौधे लगाए। डॉ. जैकलिन के पिता डॉ. रविकांत सिन्हा भी पौधे लगाकर गर्व महसूस कर रहे हैं। इधर, इस अनूठी पहल को लेकर गाँववाले भी प्रसन्न हैं। गाँव के राजवंश सिंह कहते हैं, 'पर्यावरण की रक्षा और धरती को हरा-भरा रखने के लिए यह अनोखी पहल है। इससे समाज में एक नया संदेश जाएगा।' उन्होंने कहा कि इस पहल का अगर गाँव के सभी लोग ऐसा ही करें तो दहेज जैसी कुरीति समाप्त हो जाएगी, वहीं धरती भी हरी-भरी हो जाएगी। बिहार के भागलपुर जिले के धरहरा गाँव की पहचान जहाँ बेटियों के जन्म पर पौधरोपण करने के रूप में बनी है। वहाँ बेटी के जन्म के बाद लोग 10 पौधे लगाते हैं। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी धरहरा जाकर वहाँ के लोगों की तारीफ कर चुके हैं।

कोई टिप्पणी नहीं: