मंगलवार, 3 फ़रवरी 2026

पाँच 'नान्त' वाला बिहार का 3.47 लाख करोड़ का बजट Bihar Budget 2026-27



-शीतांशु कुमार सहाय 
आज बिहार के वित्त मंत्री बिजेन्द्र यादव ने विधानसभा में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए वार्षिक बजट प्रस्तुत किया। यह बजट 'पाँच नान्त' पर आधारित है। मतलब यह कि 'न' से अन्त होनेवाले पाँच लक्ष्य सरकार ने निर्धारित किये हैं जिन्हें बजट प्रावधानों को लागू कर प्राप्त करने का प्रयास किया जायेगा।अब नान्त लक्ष्यों को जानिए कि राज्य सरकार “ज्ञान, ईमान, विज्ञान, अरमान और सम्मान” के संकल्प के साथ बिहार को विकास की राह पर आगे बढ़ायेगी।
      बिहार में नीतीश कुमार की सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए कुल 3 लाख 47 हजार 589 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तुत किया। यह पिछले साल के 3.16 लाख करोड़ रुपये के बजट के मुक़ाबले 30,694.74 करोड़ रुपये अधिक है।
      वित्त मंत्री बिजेंद्र यादव ने बजट भाषण में कहा कि पिछले कुछ वर्षों में बिहार के बजट का आकार लगातार बढ़ा है और सरकार “ज्ञान, ईमान, विज्ञान, अरमान और सम्मान” के संकल्प के साथ राज्य को विकास की राह पर आगे ले जायेगी। वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार “सब का सम्मान-जीवन आसान” के लक्ष्य पर कार्य कर रही है।
      इस बार बजट भाषण की अवधि कम रही। बजट भाषण केवल 12 मिनट में समाप्त करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य बिहार को विकसित राज्यों की श्रेणी में लाना है। इस बजट में 94 लाख गरीब परिवारों को सशक्त बनाने, चौथे कृषि रोड मैप के माध्यम से किसानों को प्रोत्साहन देने और औद्योगिक क्षेत्र में 50 करोड़ रुपये के निजी निवेश को बढ़ावा देने की घोषणा की गयी है। राज्य के बुनियादी ढाँचे को मजबूत करने पर विशेष बल दिया गया है। 
इस बजट में विभागीय आवण्टन इस प्रकार है...
  • शिक्षा एवं उच्च शिक्षा विभाग के लिए 68,216.95 करोड़ रुपये।
  • ग्रामीण विकास विभाग के लिए 23,701.18 करोड़ रुपये।
  • स्वास्थ्य विभाग के लिए 21,270.40 करोड़ रुपये।
  • गृह विभाग विभाग के लिए 20,132.87 करोड़ रुपये
  • ऊर्जा विभाग के लिए 18,737.06 करोड़ रुपये।
  • पथ निर्माण विभाग के लिए 18,716.97 करोड़ रुपये।
  • कल्याणकारी विभागों के लिए 13,202.38 करोड़ रुपये।

कोई टिप्पणी नहीं: