शनिवार, 12 अक्तूबर 2024

अमीरी की सीमा-रेखा ही खत्म करेगी गरीबी : बन्धु Only The Boundary Line of Richness Will Eliminate Poverty : Bandhu

-प्रदेश कार्यकारिणी का हुआ गठन 

-संजय कुमार अध्यक्ष मनोनीत 

     लोकनायक जयप्रकाश नारायण (जेपी) की जयन्ती पर शुक्रवार को राजधानी में एक बार फिर से जनता पार्टी ने अपनी ताकत दिखायी। 1977 में जयप्रकाश नारायण ने ही राष्ट्रीय राजनीतिक विकल्प के रूप में जनता पार्टी का गठन किया था। मोरारजी देसाई के नेतृत्व में एक समय पार्टी ने देश को मजबूत और विकासवादी सरकार दी लेकिन आज यह दल अपने सिमटी हुई है। 

     लोकनायक की जयन्ती के अवसर पर जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयप्रकाश बन्धु पटना आये। उन्होंने आयकर गोलम्बर स्थित जेपी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने दुहराया कि पार्टी जेपी के समाजवादी सिद्धांतों को जन-जन तक पहुँचायेगी।

     जेपी की प्रतिमा पर माल्यार्पण से पूर्व जयप्रकाश बन्धु ने कार्यकर्ताओं और पार्टी के पदाधिकारियों को सम्बोधित करते हुए पार्टी की नीतियों और उद्देश्यों की चर्चा की। बन्धु ने कहा कि जबतक भारत की सरकार गरीबी रेखा खिंचती रहेगी, तबतक देश का, देशवासियों का विकास नहीं हो सकता है। जिस दिन भारत में अमीरी की सीमा-रेखा खिंची जायेगी, उस दिन गरीबी खत्म हो जायेगी। बन्थु ने कहा कि जनता पार्टी न धर्म की राजनीति करती है और न ही जाति की। उन्होंने लोकतन्त्र में वंशवादी परम्परा को घातक बताया। 

     इस अवसर पर जनता पार्टी की नयी प्रान्तीय कार्यकारिणी की घोषणा की गयी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयप्रकाश बन्धु और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अनुज शर्मा की उपस्थिति में कार्यकर्ताओं के बीच राष्ट्रीय सचिव सन्तोष श्रीवास्तव ने बिहार कार्यकारिणी की घोषणा की। बिहार प्रदेश जनता पार्टी के अध्यक्ष के पद पर संजय कुमार नियुक्त किये गये। दो उपाध्यक्ष धीरज कुमार और प्रमोद कुमार बनाये गये हैं। हर्ष कुमार को प्रदेश महासचिव जबकि शिव नारायण सिंह प्रवक्ता मनोनीत किये गये हैं। 

     इस दौरान मुन्ना केसरी, शैलेश कुमार, शालिनी कुमारी, रवि कुमार, सनोज कुमार, मनोज निषाद, पवन कुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति थी।