बुधवार, 3 मई 2017

3 मई : विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस और भारत / 3 MAY : WORLD PRESS FREEDOM DAY AND INDIA

-शीतांशु कुमार सहाय / Sheetanshu Kumar Sahay
आज 3 मई को विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस है। भारत में अक्सर प्रेस की स्वतंत्रता को लेकर चर्चा होती रहती है। पर, अफसोस की बात है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी या किसी अन्य भारतीय नेता ने मजीठिया वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू करने पर कुछ नहीं कहा। ऐसे में भारतीय पत्रकारों ने अपने हक को मारनेवाले अखबारों के मालिकों को दुखी दिल से ‘दुहाई’ देते हुए विश्व प्रेस स्वतन्त्रता दिवस मनाया।
3 मई को मनाए जानेवाले विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस पर भारत में भी प्रेस की स्वतंत्रता पर बातचीत होना लाजिमी है। भारत में प्रेस की स्वतंत्रता भारतीय संविधान के अनुच्छेद-19 में भारतीयों को दिए गए अभिव्यक्ति की आजादी के मूल अधिकार से सुनिश्चित होती है।
विश्वस्तर पर प्रेस की आजादी को सम्मान देने के लिए संयुक्त राष्ट्र संघ की महासभा द्वारा 3 मई को विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस घोषित किया गया जिसे 'विश्व प्रेस दिवस' के रूप में भी जाना जाता है। 'अंतरराष्ट्रीय प्रेस स्वतंत्रता दिवस' या 'विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस' मनाने का निर्णय वर्ष 1991 में यूनेस्को और संयुक्त राष्ट्र के जन सूचना विभाग ने मिलकर किया था। संयुक्त राष्ट्र संघ ने वर्ष 1993 में विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस की घोषणा की थी। तब से हर साल '3 मई' को 'अंतरराष्ट्रीय प्रेस स्वीतंत्रता दिवस' के रूप में मनाया जाता है। इससे पहले नामीबिया में विन्डंहॉक में हुए एक सम्मेलन में इस बात पर जोर दिया गया था कि प्रेस की आज़ादी को मुख्य रूप से बहुवाद और जनसंचार की आज़ादी की जरूरत के रूप में देखा जाना चाहिए।
यूनेस्को द्वारा 1997 से हर साल 3 मई को विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस पर 'गिलेरमो कानो वर्ल्ड प्रेस फ्रीडम प्राइज' भी दिया जाता है। यह पुरस्कार उस व्यक्ति अथवा संस्थान को दिया जाता है जिसने प्रेस की स्वतंत्रता के लिए उल्लेखनीय कार्य किया हो। 

विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस प्रेस की स्वतंत्रता का मूल्यांकन, प्रेस की स्वतंत्रता पर बाहरी तत्वों के हमले से बचाव और प्रेस की सेवा करते हुए दिवंगत हुए संवाददाताओं को श्रद्धांजलि देने का दिन है। पर, मीडिया अपना दायित्व ठीक तरीके से नहीं निभा रहा है। कुछ लोग को छोड़कर श्रद्धांजलि देने का काम भी मीडिया ठीक से नहीं कर रहा है।

2017 का गिलेरमो कानो वर्ल्ड प्रेस फ्रीडम पुरस्कार ईसाक को / Guillermo Cano World Press Freedom Award for 2017 to eisak

एरिट्रियन स्वीडिश पत्रकार दावित ईसाक को उनकी हिम्मत, प्रतिरोध और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के प्रति प्रतिबद्धता हेतु वर्ष 2017 का गिलेरमो कानो वर्ल्ड प्रेस फ्रीडम पुरस्कार (US $ 25,000) के लिए चुना गया। 1997 से अब तक भारत के किसी भी पत्रकार को यह पुरस्कार नहीं मिलने की एक बड़ी वजह कई वरिष्ठ पत्रकार पश्चिम और भारत में पत्रकारिता के मानदंडों में अंतर को बताते हैं। भारतीय पत्रकारिता में हमेशा विचार हावी होता है जबकि पश्चिम में तथ्यात्मकता पर जोर दिया जाता है। इससे भारतीय पत्रकारिता के स्तर में कमी आती है। इसके अलावा भारतीय पत्रकारों में पुरस्कारों के प्रति जागरूकता की भी कमी है, वे इसके लिए प्रयासरत नहीं रहते।

प्रेस के प्रति अटल विश्वास : प्रधानमंत्री मोदी 
Unfaltering faith in the press : PM Modi


 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार, 3 मई 2017 को विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस के मौके पर 'स्वतंत्र व जोशपूर्ण प्रेस' की वकालत करते हुए इसे लोकतंत्र के लिए महत्वपूर्ण बताया। मोदी ने एक ट्वीट में कहा, "यह प्रेस के प्रति अपने अटल विश्वास को दोहराने का दिन है।" प्रधानमंत्री ने एक अन्य ट्वीट में कहा, "आज के दिन और समय में सोशल मीडिया संपर्क के एक सक्रिय माध्यम के रूप में उभरा है और इससे हमारी प्रेस की स्वतंत्रता को और मजबूती मिली है।"

 

सोमवार, 24 अप्रैल 2017

ओ मेरे मेरे / O Mere Tum

- शीतांशु कुमार सहाय

ग्रीष्म के सूर्य से तपते-जलते रेत पर चल रहा था अकेला कि तुम मिले। आम की मंजरियों की तरह सुरभित और चाँदनी की तरह शीतलता लिये तुम्हारा मिलन अपूर्व है। यूँ रूक गये मेरे जलते कदम; क्योंकि तुम्हारे सान्निध्य का जल जो मिला। तुम्हारे साहचर्य का, तुम्हारे समर्पण का जल न मिलता, तो जीवन के झंझावातों की अहती तपिश से जल चुका होता मैं।
स्थूल पदार्थ है जल। जबतक यह पुद्गल पदार्थधर्मी है, तबतक इसके अनेक भेद किये जाते हैं- सागर का जल, नदी का जल, कुएँ का जल आदि। जैसे ही यह जल सूर्य की किरणों पर चढ़कर आकाश की यात्रा करता है तो वाष्प कहलाता है। जल स्थूल और वाष्प सूक्ष्म। स्थूल में पृथकता है और सूक्ष्म में एकता। जल को विलगाया जा सकता है, वाष को विलगाने का प्रश्न ही नहीं उठता। ओ मेरे तुम! मिले थे हम जल की तरह और हृदय से मिलकर हो गये वाष्प। वाष्प को देखकर कोई बता सकता है कि यह सागर, नदी या कुएँ के जल का है?
सूक्ष्म आदि अद्वैत है तो स्थूल है द्वैत। सूक्ष्म को अलग नहीं कर सकते, स्थूल में तो अलगाव है ही। सूक्ष्म प्रसारित भी होता है और समर्पित भी। प्रसारण मुक्ति है और समर्पण है भक्ति। ओ मेरे तुम! ये दोनों हैं तुम में- ये तुमने बताया भी, दिखाया भी। इसलिए तुम मेरी चेतना में शामिल हो गये और मैं हो गया अचेत। चेतना का अविराम प्रवाह है जीवन। उसी चेतना को धारण करना ही मूल-धर्म है मेरा। पर, सच तो यही है कि चेतना सूक्ष्म है और जीवन है स्थूल।
एक सन्ध्या थी वो जब पादुका पर मेरे, तुमने सिर रखकर अपना मुझ भगोत्पन्न को भगवान बना दिया। तुम मुक्त हो गये भक्त बनकर! मुक्त और भक्त में असंग और संग का मूल्य उजागर है। मुक्त बनता तो है असंग किन्तु मुक्त को संग कर लेता है। भक्त करता है तो संग भगवान का किन्तु असंग बनकर।
आम्र-मंजरियों की प्रियतम सुगन्ध पुनः खींचती है मुझे। पर, मैं पवन नहीं हूँ- न इस सुगन्ध को चुरा सकता हूँ और न उड़ा सकता हूँ, न पचाकर सुगन्धवाह कहला पा सकता हूँ। केवल नासापुरों में भरकर उसे बाहर उछाल सकता हूँ। आह! इस उछाल में भी कैसी मजबूरी है? सीमा में असीम छिपा है, फिर भी सीमा अपनी निरन्तर अपनी सीमा का गौरव मानती है। तुम्हारी चाहत तो इबादत बनकर सीमाहीन हो गयी पर उसमें भी मर्यादा की सीमा तो है ही।
ओ मेरे तुम! जब स्मृति-पटल पर छाते हो निराकार बनकर तो तुम्हें पूजने को जी चाहता है! जब सामनेे आते हो साकार बनकर, तो प्यार करने की व्यग्रता उभरती है। भव का प्रदर्शन या उसे कार्यरूप में परिणत करने को ही कहते हैं प्यार और भवपूर्ण प्यार करनेवाला ही है भक्त। भक्त दरअसल भावजगत का प्राणी है। भक्त मानता है कि तर्क के पीछे भाव चले तभी कोई भगवान की खोज कर सकता है। अगर भव के पीछे तर्क को घसीटने की चेष्टा की गयी, तो यह चेष्टा बैलगाड़ी के पीछे बैल जोतने जैसी होगी। तर्क को पहले रखना स्वयं को स्थापित करने जैसा है और भाव को पहले रखना निसर्ग को स्थापित करने के तुल्य। निश्चित ही व्यक्ति से बड़ा है निसर्ग। जिस दिन भक्त राजी हो, भगवान को अपने हृदय में रखने के लिए, उसी क्षण वह भी भगवान के हृदय में स्थान पा लेता है।
भाव को आरम्भ करें तो कुछ भी संशय नहीं, बुद्धि से करें तो संशय-ही-संशय। यूँ भक्ति में चाहिये कि ‘तू’ मिट जाये और ‘मैं’ बचा रहे। विलोमतः यही हो और ‘मैं’ मिट जाये और ‘तू-ही-तू’ रहे। न ‘तू’ रहे न ‘मै’ रहूँ, एक हो जायें दोनों। दो न रहे, एक हो जाये और यह एक शून्य में बदल जाये।
अपने को मिटाने की तैयारी भक्ति है। जो भी परायापन है उसे मिटाने की तत्परता मुक्ति है। मिटने का यह संकल्प हो उल्लासपूर्ण! उल्लास निरपेक्ष नहीं होता, अतः यह अतनु है।
शून्य और पूर्ण कहने को दो हैं, पर हैं अद्वैत ही। जाम चाहे आधा खाली हो या आधा भरा- क्या फर्क पड़ता है! ओ मेरे तुम! भक्ति और मुक्ति का यह द्वैताद्वैत बोध आम की मंजरियों का सहज प्रत्यय है जो तुम्हारा ही पर्याय है।

चाहत की भूल

- शीतांशु कुमार सहाय   

ज़िन्दगी में कई भूल किये हैं मगर, 

चाहत की भूल बड़ी भूल थी;

न शिकवा करूँगा न गिला कोई बाकी, 

अफसोस पर ज़िन्दगीभर करूँगा।


चाहा था तुमको हद से ज़्यादा,

निभाया न तुने कोई अपना वायदा;

फिर भी मैं हरदम हँसता रहा हूँ, 

बाकी के दिन अब रोया करूँगा।


ज़ख़्म भरे दिल में थोड़ी जगह थी, 

जिसे ज़ख़्म से भर डाला तुने;

दिल पर जो तुने से ज़ख़्म दिये हैं, 

सहला के उसको ही ज़िन्दा रहूँगा।


मोहब्बत  में कहते हैं सबकुछ मिलेगा, 

मगर सच कहूँ तो हर कुछ लुटेगा;

कंगाल दिल ही साथ है रहता, 

जो कहता है सीने में धड़का करूँगा।


सोमवार, 3 अप्रैल 2017

We Pray You

-Sheetanshu Kumar Sahay

We Pray You, O my Guru;
O my God, we pray you.


You are mother, father also;
You are friend, brother also.


We Pray You, O my Guru;
O my God, we pray you.


Your bless pleasant, we are innocent;
Kinds us Greatest, bless us Greatest.


We Pray You, O my Guru;
O my God, we pray you.


You are one but many you known;
Ram, Shiv and Allah you known.


We Pray You, O my Guru;
O my God, we pray you.


We are children in your sight;
All are wrong, you are right.


We Pray You, O my Guru;
O my God, we pray you.
(Copyright reserved.)
 

करते हैं प्रार्थना / We Pray

-शीतांशु कुमार सहाय

करते हैं प्रार्थना हम गुरुवर की,
करते हैं प्रार्थना हम ईश्वर की।


आप हैं माता, पिता भी आप हैं;
आप ही मित्र हैं, बन्धु हैं आप ही।


करते हैं प्रार्थना हम गुरुवर की,
करते हैं प्रार्थना हम ईश्वर की।


हम नादान हैं आशिष दें भगवन्;
हम पर दया करें, करते हैं वन्दन।


करते हैं प्रार्थना हम गुरुवर की,
करते हैं प्रार्थना हम ईश्वर की।


एक हैं आप पर नाम अनेक हैं;
राम-कृष्ण और शिव भी आप हैं।


करते हैं प्रार्थना हम गुरुवर की,
करते हैं प्रार्थना हम ईश्वर की।


तेरी शरण में हैं हम सब बच्चे;
झूठा जगत है, आप हैं सच्चे।


करते हैं प्रार्थना हम गुरुवर की,
करते हैं प्रार्थना हम ईश्वर की।

(सर्वाधिकार सुरक्षित।)

रविवार, 2 अप्रैल 2017

अमित कुमार ‘नयनन’ की वृहद रचना ‘द गॉड’ का प्रकाशन शीघ्र / Amit Kumar 'Nayan's Massive Composition 'The God' will be Published Soon

शीघ्र ही समस्त सुधी पाठकों के बीच होगी एक वृहद रचना जिसके रचनाकार हैं अमित कुमार ‘नयनन’। यह उपन्यास है जो आपके हाथों में 'द गॉड’ के नाम होगा। अभी इस शोधपरक विशाल रचना का सम्पादन चल रहा है जिसमें काफी वक्त लग रहा है।

रविवार, 25 सितंबर 2016

मुक्ति का मार्ग दिखानेवाला सन्त श्रीसाईं Shreesai Baba

प्रस्तुत रचना शीतांशु कुमार सहाय की शीघ्र प्रकाशित होनेवाली पुस्तक ‘श्रीसाईंचरितामृतम्’ से ली गयी है।

-शीतांशु कुमार सहाय

नाना चोपदार की माँ थी वह वृद्धा। चोपदार धार्मिक प्रवृत्तिवाले थे जो स्थानीय स्तर पर शिरडी में प्रसिद्ध थे। एक बार एक खेत में घूमती हुई उस वृद्धा ने नीम के पेड़ की छाँव में शारीरिक सौष्ठव व अतुलनीय सौन्दर्यवाले तरुण को ध्यानमग्न देखा। दिन व रात के आने-जाने और मौसम के परिवर्तन का उस पर कोई असर न हो रहा था। देवस्वरूप उस तपस्वी बालक के सम्मोहक व्यक्तित्व की चर्चा उसने गाँव में की। हुजूम जुटने लगा। पर, बालक पर किसी से दिन में नहीं मिलता। वह रात को निर्भीक घूमता। त्याग व वैराग्य की इस प्रतिमूर्ति को खण्डोवा के म्हालसापति ने चाँद पाटिल के साले के पुत्र की बारात के साथ पुनः शिरडी में पधारे उस युवा सन्त को ‘आओ साईं’ कहकर स्वागत किया। तब से जन-जन के प्रिय होते गये साईं और अप्रतिम सम्मान ने बना दिया उन्हें साईं बाबा।
नामदेव और कबीर जहाँ बालरूप में प्रकट हुए, वहीं तरुणावस्था में साईं बाबा शिरडी में एक नीम वृक्ष तले अवतीर्ण हुए। से तीनों सन्त अयोनिज थे अर्थात् उनका जन्म माता के गर्भ से नहीं हुआ। ़ऐतिहासिक प्रमाणों से विदित होता है कि साईं का अवतरण 28 सितम्बर 1835 ईस्वी को हुआ। कुछ प्रमाण 1838 ईस्वी की ओर भी इशारा करते हैं।
साईं बाबा तब प्रकट हुए, जब धर्मों-सम्प्रदायों में बँटकर लोग अशान्ति फ।ला रहे थे। इसलिए उन्होंने ‘सबका मालिक एक’ कहकर एकेश्वरवाद व धर्मसाम्यता की ऐसी मिसाल दी, जो अब भी प्रासंगिक और अतुलनीय है। यही कारण है कि सभी धर्मों ने उन्हें अपना साईं (भगवान) माना।
वे कौन थे? उनके माता-पिता कौन थे? वे कहाँ से आये थे? उनका जन्म (अवतार) कब हुआ? ये प्रश्न आज भी अनुत्तरित हैं। स्वयं साईं बाबा ने भी इस सन्दर्भ में कुछ नहीं बताया। आखिर वे बतायें भी कैसे? वे तो स्वयं परब्रह्म अर्थात् आदिशक्ति स्वरूप थे, अयोनिज थे। परब्रह्म तो स्वयं ही समस्त जीवों के जनक हैं, उनका जनक कोई हो ही नहीं सकता। इसलिए साईं ने माता-पिता का नाम नहीं बताया। हाँ, उन्होंने शिरडी को अपने गुरुदेव की पवित्र भूमि अवश्य बताया।
कहते हैं कि कुछ सिद्ध व्यक्तियों पर ईश्वरीय शक्ति कुछ समय के लिए प्रकट होती है। उस दौरान उससे पूछे गये प्रश्नों के उत्तर वह बिल्कुल सही देता है। खण्डोबा में म्हालसापति के खेत के निकट भगवान खण्डोबा का मन्दिर था। एक भक्त पर खण्डोबा की शक्ति प्रकट हुई तो साईं के भक्तों ने उनसे साईं के बारे में पूछा। भगवान खण्डोबा ने कुदाल मँगाकर बताये गये स्थान पर खुदाई करवायी। खुदाई में प्राप्त ईंट-पत्थरों को हटाने पर एक दरवाजा दिखायी दिया, जहाँ चार दीपक जल रहे थे। दरवाजे का रास्ता एक गुफा की ओर जा रहा था, जहाँ गाय के मुख के आकार का भवन, लकड़ी के तख्ते, मालाएँ आदि दिखायी पड़ीं। खण्डोबा ने बताया कि इस तरुण (साईं) ने यहाँ बारह वर्षों तक तप किया था। दरअसल, तपोपरान्त ही शिरडीवासियों के बीच सिद्ध पुरुष के रूप में साईं प्रकट हुए।
साईं बाबा के गुरु कौन थे, यह भी किसी को पता नहीं है। स्वयं साईं खुदाईवाले स्थान को ’गुरु स्थान’ कहते थे परन्तु कभी गुरु का नाम नहीं बताया। हालाँकि समकालीन सन्त जौहर को वे गुरु कहते और जौहर बाबा अपना गुरु साईं बाबा को बताते थे।
साईं बाबा के कारण ही महाराष्ट्र के अहमदनगर जिलान्तर्गत कोपर तालुका स्थित शिरडी इन दिनों विश्वविख्यात तीर्थ स्थल बन गया है। शिरडी की एक प्राचीन व वीरान मस्जिद को उन्होंने अपना निवास बनाया। यहाँ उन्होंने जीवन के महत्त्वपूर्ण साठ साल व्यतीत किये। उस मस्जिद अर्थात् अपने निवास स्थान को साईं ने ‘द्वारकामाई’ का अर्थपूर्ण नाम दिया। ‘स्कन्दपुराण’ में उल्लेख है कि जिस स्थान के द्वार चारों वर्णों (ब्राह्मण, क्षत्रिय, वैश्य व शूद्र) के व्यक्तियों को चारों पुरुषार्थ (धर्म, अर्थ, काम व मोक्ष) देने के लिए सदैव खुले रहें, उसे ‘द्वारका या द्वारिका’ कहा जाता है। द्वारकामाई के सन्दर्भ में भी यही उक्ति पूरी तरह सच सिद्ध होती थी। तभी तो सभी जाति-धर्मों के रंक से राजा तक, भोगी से योगी तक, निरक्षर से विद्वान तक, सेवक से उच्चाधिकारी तक, गृहस्थ से संन्यासी तक- सबने उनकी इस कदर भक्ति की कि वे सन्त (साईं बाबा) से भगवान (साईंनाथ) हो गये।
श्रद्धा और धैर्य (सब्र) को जीवन में धारण करने की शिक्षा देनेवाले साईंनाथ ने योगबल से शिरडी में पवित्र अग्नि (धूनी) प्रज्वलित की, जिसे लकड़ी व हवन सामग्रियों से निरन्तर प्रज्वलित अवस्था में रखा गया है। धूनी व भस्म को उन्होंने ‘ऊदी’ का नाम दिया। ऊदी का तिलक लगाकर और उसका सेवन करके तब से अब तक लाखों-करोड़ों भक्त विभिन्न रोगों या दुःखों से मुक्त हो चुकहैं। ऊदी की आज भी उतनी ही महत्ता है; क्योंकि जीवन काल में साईंनाथ स्वयं इसे भक्तों के बीच कल्याणार्थ बाँटते थे।
महान क्रियायोगी व भविष्यद्रष्टा इस सन्त ने समाज में भक्ति, मुक्ति और धार्मिक एकता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का व्यावहारिक आन्दोलन भी चलाया। ग्लोबल वार्मिंग अर्थात् विश्वस्तर पर बढ़ रहे मौसमी तापमान व मौसमी अनिश्चितता के इस काल में साईंनाथ का वह आन्दोलन शतशः अनुकरणीय प्रतीत हो रहा है। अपने व्यवहार से उन्होंने बताया कि मनुष्य सहित समस्त जन्तुओं के जीवन, स्वास्थ्य, भोजन ही नहीं; ऋतुओं की अनुकूलता भी वनस्पतियों से सम्बद्ध हैं। उन्होंने द्वारकामाई की फुलवारी स्वयं बनायी और पौधों को भी स्वयं ही सींचते थे। शिरडी से तीन किलोमीटर दूर राहाता से गेन्दा, जूही, जई सहित कई तरह के पेड़-पौधे लाकर लगाये। उनका एक भक्त वामन तात्या उन्हें प्रतिदिन मिट्टी के दो घड़े देता। बाबा स्वयं कुएँ से उन घड़ों में जल भरते और पेड़-पौधों को सींचते थे। सन्ध्या काल में उन घड़ों को वे नीम पेड़ के तले रख देते, जो अगली सुबह तक स्वयं टूट जाते। पुनः तात्या दो नये घड़े लेकर बाबा की सेवा में पहुँच जाता।
वास्तव में साईं के प्रत्येक भौतिक कार्य का आध्यात्मिक अर्थ होता था। तात्या के दिये हुए दो घड़े वस्तुतः श्रद्धा और सबूरी के प्रतीक थे। वे सब्र अर्थात् धैर्य को सबूरी कहा करते थे। प्रत्येक सुबह तक घड़ों का फूट जाना यह बताता है कि शुरुआत में श्रद्धा और सब्र स्थायी नहीं हो पाते। जब तक ये स्थायी न हो जायें, तब तक इनके स्थायित्व का प्रयास जारी रहना चाहिये। शरीर त्यागने के बाद भी साईंनाथ विश्वभर के भक्तों के मन की मिट्टी में दबे आध्यात्मिकता के बीज को स्नेह के जल से सींच रहे हैं।
विक्रम सम्वत् 1975 की विजयादशमी अर्थात् 15 अक्तूबर 1918 ईस्वी को ब्रह्मलीन होनेवाले शिरडी के इस महान संन्यासी ने घरेलू भौतिक जीवन जीते हुए ब्रह्म-उपासना के सहज तरीके बताये। आध्यात्मिक इतिहास में वे एकमात्र संन्यासी हुए, जिन्होंने एक ही स्थान पर रहकर भक्ति व मुक्ति का मार्ग दिखाया। सभी धर्मों का सम्मान करते हुए उन्होंने मानवता को सबसे बड़ा धर्म बताया। जातिवाद के विरुद्ध वे कहा करते थे कि ईश्वर सबको समान बनाया। यहाँ मनुष्य ने ऊँच-नीच व मनुष्य-मनुष्य में भेद उत्पन्न कर दिया, जो सामाजिक एकता के लिए खतरा बन गया। गरीबों व लाचारों की सेवा को साईं ने देवपूजन से बड़ा पुण्यकर्म बताया और आजीवन ऐसा करते भी रहे। इसलिए ऐसा तो कहना ही पड़ेगा कि साईं बाबा के उपदेश कष्टसाध्य न होकर सहज व्यवहार में ग्रहणयोग्य हैं। गुरुजों, माता, पिता व बड़े-बुजुर्गों के सम्मान की सलाह तो वे हर दिन अपने भक्तों को देते थे। नक्सली, आतंकी और हिंसा से भरे वर्तमान माहौल में साईं बाबा की सलाह अधिक प्रासंगिक बन गयी है।
जनकल्याण में निरन्तर तल्लीन महासन्त साईं ने प्रतिदिन सोना भी छोड़ दिया। वे एक दिन छोड़कर आराम करने हेतु चावड़ी चले जाते थे, जो द्वारकामाई से थोड़ी दूर पर था। बाद में उनके भक्तगण शोभायात्रा के साथ हरिगुणगान करते साईं बाबा को चावड़ी तक लाने लगे। इस स्मृति में प्रत्येक वृहस्पतिवार को द्वारकामाई से साईं बाबा की पालकी चावड़ी तक ले जायी जाती है। इस शोभायात्रा में देश-विदेश के भक्त विशेष रूप से शामिल होते हैं।
विलक्षण स्वभाव के चमत्कारी सन्त थे सााईं बाबा। समाज को औश्र खण्डित होने से बचाने के लिए उन्होंने न तो किसी धर्म या सम्प्रदाय की शुरुआत की और न ही किसी धर्म की बुराई। उन्होंने योग, ध्यान आदि की प्राचीन विधियों को तोड़-मरोड़कर उसे स्वयं द्वारा प्रणीत या आविष्कृत भी नहीं बताया। साईं ने ईशभक्ति के लिए किसी जटिल प्रक्रिया में पड़ने के बदले कहीं भी किसी भी स्थिति में उन्हें (ईश्वर) याद करते रहने की सलाह दी।
ईश्वर के प्रति सम्पूर्ण समर्पण को वे मुक्ति का मार्ग मानते रहे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मुक्ति का यह मार्ग दिखानेवाला एक गुरु चाहिये। जब तक ब्रह्मज्ञानी गुरु न मिलें, तब तक ईश्वर के भी रूप (राम, कृष्ण, शिव, दुर्गा, अल्लाह, ईसा) को गुरु मानकर भक्ति तो शुरू कर ही देनी चाहिये। जब उचित पात्रता आ जायेगी तो ईश्वर ही ब्रह्मज्ञानी गुरु के पास किसी-न-किसी माध्यम से पहुँचा देंगे।

गुरु वन्दना : हे गुरुदेव GURU VANDANA : HE GURUDEV


-शीतांशु कुमार सहाय

हे गुरुदेव ! हे भगवान !
चरण-कमल में तेरे प्रणाम !
साधन तुम हो, साध्य हो तुम ही
मेरा एक आराध्य भी तू ही
हे गुरुदेव ! हे भगवान !
चरण-कमल में तेरे प्रणाम !

अज्ञानी था, ज्ञान दिया
सोया भाग्य जगा दिया
अन्तस् में जो उजियारा
दिव्य किरण है वो तेरा
तू ही सकल जहान
हे गुरुदेव ! हे भगवान !
चरण-कमल में तेरे प्रणाम !

दीक्षा का दिन था पावन,
सब कुछ तुझ को किया अर्पण।
तेरी कृपा मुझ पर हरदम,
सहस्रार में हैं हरदम।
हर कण है भगवान
हे गुरुदेव ! हे भगवान !
चरण-कमल में तेरे प्रणाम !

क्रिया-योग तुम ने बतलाया,
आत्मतत्त्व को भी समझाया।
चरणामृत को पीकर के,
सबल हुआ साधन कर के।
गीता है वरदान
हे गुरुदेव ! हे भगवान !
चरण-कमल में तेरे प्रणाम !

(सर्वाधिकार सुरक्षित)

गुरुवार, 7 अप्रैल 2016

शीतांशु की ओर से नव विक्रम सम्वत् २०७३ की मंगलकामना ! / HAPPY NEW VIKRAM SAMVAT 2073 BY SHEETANSHU

भारतीय संस्कृति और और धर्म में महत्वपूर्ण स्थान रखने वाला विक्रम संवत् देश के प्रत्येक समाज में परंपरागत ढंग मनाया जाता है। देश पर अंग्रेजों ने बहुत समय तक राज्य किया फिर उनका बाह्य रूप इतना गोरा था कि भारतीय समुदाय उस पर मोहित हो गया और शनैः शनैः उनकी संस्कृति, परिधान, खानपान तथा रहन सहन अपना लिया भले ही वह अपने देश के अनुकूल नहीं था। अंग्रेज चले गये पर उनके मानसपुत्रों की कमी नहीं है। सच तो यह है कि अंग्रेज वह कौम है जिसको बिना मांगे ही दत्तक पुत्र मिल जाते हैं जो भारतीय माता पिता स्वयं उनको सौंपते हैं। सच तो यह है कि विक्रम संवत् ही हमें अपनी संस्कृति की याद दिलाता है और कम से कम इस बात की अनुभूति तो होती है कि भारतीय संस्कृति से जुड़े सारे समुदाय इसे एक साथ बिना प्रचार और नाटकीयता से परे होकर मनाते हैं। दुनिया का लगभग प्रत्येक कैलेण्डर सर्दी के बाद बसंत ऋतू से ही प्रारम्भ होता है, यहाँ तक की ईस्वी सन बाला कैलेण्डर (जो आजकल प्रचलन में है) वो भी मार्च से प्रारम्भ होना था। इस कलेंडर को बनाने में कोई नयी खगोलीये गणना करने के बजाये सीधे से भारतीय कैलेण्डर (विक्रम संवत्) में से ही उठा लिया गया था। आइये जाने क्या है इस कैलेण्डर का इतिहास: दुनिया में सबसे पहले तारों, ग्रहों, नक्षत्रो आदि को समझने का सफल प्रयास भारत में ही हुआ था, तारों, ग्रहों, नक्षत्रो, चाँद, सूरज आदि की गति को समझने के बाद भारत के महान खगोल शास्त्रीयो ने भारतीय कलेंडर (विक्रम संवत्) तैयार किया, इसके महत्व को उस समय सारी दुनिया ने समझा। लेकिन यह इतना अधिक व्यापक था कि - आम आदमी इसे आसानी से नहीं समझ पाता था, खासकर पश्चिम जगत के अल्पज्ञानी तो बिल्कुल भी नहीं। किसी भी विशेष दिन, त्यौहार आदि के बारे में जानकारी लेने के लिए विद्वान् (पंडित) के पास जाना पड़ता था। अलग अलग देशों के सम्राट और खगोलशास्त्री भी अपने अपने हिसाब से कैलेण्डर बनाने का प्रयास करते रहे। इसके प्रचलन में आने के 57 वर्ष के बाद सम्राट आगस्तीन के समय में पश्चिमी कैलेण्डर (ईस्वी सन) विकसित हुआ। लेकिन उसमें कुछ भी नया खोजने के बजाए, भारतीय कैलेंडर को लेकर सीधा और आसान बनाने का प्रयास किया था। पृथ्वी द्वारा 365/366 दिन में होनेवाली सूर्य की परिक्रमा को वर्ष और इस अवधि में चंद्रमा द्वारा पृथ्वी के लगभग 12 चक्कर को आधार मान कर कैलेण्डर तैयार किया और क्रम संख्या के आधार पर उनके नाम रख दिए गए। पहला महीना मार्च (एकम्बर) से नया साल प्रारम्भ होना था। 1. एकाम्बर ( 31 दिन) 2. दुयीआम्बर (30 दिन) 3. तिरियाम्बर (31 दिन) 4. चौथाम्बर (30 दिन) 5. पंचाम्बर (31 दिन) 6.षष्ठम्बर (30 दिन) 7. सेप्तम्बर (31 दिन) 8. ओक्टाम्बर (30 दिन) 9. नबम्बर (31 दिन) 10. दिसंबर ( 30 दिन) 11. ग्याराम्बर (31 दिन) 12. बारम्बर (30/29 दिन) निर्धारित किया गया।
सेप्तम्बर में सप्त अर्थात सात, अक्तूबर में ओक्ट अर्थात आठ, नबम्बर में नव अर्थात नौ, दिसंबर में दस का उच्चारण महज इत्तेफाक नहीं है लेकिन फिर सम्राट आगस्तीन ने अपने जन्म माह का नाम अपने नाम पर आगस्त (षष्ठम्बर को बदलकर) और भूतपूर्व महान सम्राट जुलियस के नाम पर जुलाई (पंचाम्बर) रख दिया। इसी तरह कुछ अन्य महीनों के नाम भी बदल दिए गए। फिर वर्ष की शरुआत ईसा मसीह के जन्म के 6 दिन बाद (जन्म छठी) से प्रारम्भ माना गया। नाम भी बदल इस प्रकार कर दिए गए थे। जनवरी (31 दिन), फरबरी (30/29 दिन), मार्च (31 दिन), अप्रैल (30 दिन), मई (31 दिन), जून (30 दिन), जुलाई (31 दिन), अगस्त (30 दिन), सितम्बर (31 दिन), अक्टूबर (30 दिन), नवम्बर (31 दिन), दिसंबर (30 दिन) माना गया। फिर अचानक सम्राट आगस्तीन को ये लगा कि उसके नाम वाला महीना आगस्त छोटा (30 दिन) का हो गया है तो उसने जिद पकड़ ली कि उसके नामवाला महीना 31 दिन का होना चाहिए। राजहठ को देखते हुए खगोल शास्त्रीयों ने जुलाई के बाद अगस्त को भी 31 दिन का कर दिया और उसके बाद वाले सेप्तम्बर को 30 दिन, अक्तूबर को 31 दिन, नबम्बर को 30 दिन, दिसंबर को 31 दिन का कर दिया। एक दिन को एडजस्ट करने के लिए पहले से ही छोटे महीने फरवरी को और छोटा करके 28/29 दिन कर दिया गया।
हमें पूर्णरूप से वैज्ञानिक और भारतीय कलेंडर (विक्रम संवत्) के अनुसार आनेवाले नववर्ष प्रतिपदा पर समाज उपयोगी सेवाकार्य करते हुए नववर्ष का स्वागत करना चाहिये। हिंदू धर्म की तरह ही हर धर्म में नया साल मनाया जाता है लेकिन इसका समय भिन्न-भिन्न होता है तथा तरीका भी। किसी धर्म में नाच-गाकर नए साल का स्वागत किया जाता है तो कहीं पूजा-पाठ व ईश्वर की आराधना कर। आप भी जानिए किस धर्म में नया साल कब मनाया जाता है-
1. हिंदू नववर्ष : हिंदू नवर्ष का प्रारंभ चैत्र मास की शुक्ल प्रतिपदा (इस बार 08 अप्रैल 2016) से माना जाता है। इसे हिंदू नवसंवत्सर या नवसंवत् भी कहते हैं। ऐसी मान्यता है कि भगवान ब्रह्मा ने इसी दिन से सृष्टि की रचना प्रारंभ की थी। इसी दिन से विक्रम संवत् के नए साल का आरंभ भी होता है। इसे गुड़ी पड़वा, उगादि आदि नामों से भारत के अनेक क्षेत्रों में मनाया जाता है।
2. इस्लामी नववर्ष : इस्लामी कैलेंडर के अनुसार मोहर्रम महीने की पहली तारीख को मुसलमानों का नया साल हिजरी शुरू होता है। इस्लामी या हिजरी कैलेंडर एक चंद्र कैलेंडर है, जो न सिर्फ मुस्लिम देशों में इस्तेमाल होता है बल्कि दुनियाभर के मुसलमान भी इस्लामिक धार्मिक पर्वों को मनाने का सही समय जानने के लिए इसी का इस्तेमाल करते हैं।
3. ईसाई नववर्ष : ईसाई धर्मावलंबी 1 जनवरी को नव वर्ष मनाते हैं। करीब 4000 वर्ष पहले बेबीलोन में नया वर्ष 21 मार्च को मनाया जाता था जो कि वसंत के आगमन की तिथि भी मानी जाती थी। तब रोम के तानाशाह जूलियस सीजर ने ईसा पूर्व 45वें वर्ष में जब जूलियन कैलेंडर की स्थापना की, उस समय विश्व में पहली बार 1 जनवरी को नए वर्ष का उत्सव मनाया गया। तब से आज तक ईसाई धर्म के लोग इसी दिन नया साल मनाते हैं। यह सबसे ज्यादा प्रचलित नव वर्ष है।
4. सिंधी नववर्ष : सिंधी नववर्ष चेटीचंड उत्सव से शुरु होता है, जो चैत्र शुक्ल दिवतीया को मनाया जाता है। सिंधी मान्यताओं के अनुसार इस दिन भगवान झूलेलाल का जन्म हुआ था जो वरुणदेव के अवतार थे।
सिक्ख नववर्ष : पंजाब में नया साल वैशाखी पर्व के रूप में मनाया जाता है। जो अप्रैल में आती है। सिक्ख नानकशाही कैलेंडर के अनुसार होला मोहल्ला (होली के दूसरे दिन) नया साल होता है।
5. जैन नववर्ष : ज़ैन नववर्ष दीपावली से अगले दिन होता है। भगवान महावीर स्वामी की मोक्ष प्राप्ति के अगले दिन यह शुरू होता है। इसे वीर निर्वाण संवत कहते हैं।
6. पारसी नववर्ष : पारसी धर्म का नया वर्ष नवरोज के रूप में मनाया जाता है। आमतौर पर 19 अगस्त को नवरोज का उत्सव पारसी लोग मनाते हैं। लगभग 3000 वर्ष पूर्व शाह जमशेदजी ने पारसी धर्म में नवरोज मनाने की शुरुआत की। नव अर्थात् नया और रोज यानि दिन।
7. हिब्रू नववर्ष : हिब्रू मान्यताओं के अनुसार भगवान द्वारा विश्व को बनाने में सात दिन लगे थे। इन सात दिन के संधान के बाद नया वर्ष मनाया जाता है। यह दिन ग्रेगरी कैलेंडर के मुताबिक 5 सितम्बर से 5 अक्टूबर के बीच आता है।

मंगलवार, 5 अप्रैल 2016

रूक सकता है फिल्म ‘फैन’ का प्रदर्शन / May Pause the Movie "Fan" Display

-शीतांशु कुमार सहाय
शाहरूख खान अभिनीत फिल्म ‘फैन’ का प्रदर्शन आगामी 15 अप्रैल 2016 को होना तय है। इसी लिहाज से फिल्म की निर्माण कम्पनी यशराज फिल्म्स ने जोर-शोर से प्रचार अभियान चला रखा है। पर, इस बीच यह समाचार आ रहा है कि फिल्म ‘फैन’ की कहानी चोरी की है। फिल्म राइटर्स एसोसिएशन के निबन्धित फिल्म कथाकार पटना के अमित कुमार नयनन ने दावा किया है कि फिल्म ‘फैन’ की कहानी उनकी है। उनकी यह कहानी फिल्म राइटर्स एसोसिएशन में पंजीकृत है। इस बाबत जब अमित को पता चला कि उनकी कहानी पर यशराज फिल्म्स के बैनर तले चोरी-छिपे मनीष शर्मा के निर्देशन में शाहरूख खान के नायकत्व में ‘फैन’ नाम से फिल्म का निर्माण जारी है तो उन्होंने उक्त बैनर के पते पर 20 से 29 अगस्त 2015 के बीच फोन किया और ई-मेल भी भेजे पर कोई जवाब नहीं दिया गया। अन्ततः अमित ने यशराज फिल्म्स के पते पर निर्देशक मनीष शर्मा के नाम 29 अक्तूबर 2015 को कानूनी नोटिस भेजा पर इसका भी प्रत्युत्तर नहीं आया। तब अमित ने 20 जनवरी 2016 को पटना उच्च न्यायालय की शरण ली। अमित के मामले की गंभीरता को देखते हुए पटना उच्च न्यायालय ने रिट याचिका के रूप में मामले को स्वीकृत किया है जिसकी सुनवाई शीघ्र होनी है। इस कारण शाहरूख खान व यशराज फिल्म्स की यह महत्त्वाकांक्षी फिल्म निर्धारिम तिथि 15 अप्रैल 2016 को प्रदर्शित नहीं भी हो सकती है। फिल्म के निर्माता आदित्य चोपड़ा हैं।



रविवार, 3 अप्रैल 2016

हिन्दू-मुस्लिम एकता को नया आयाम : पण्डित ने पढ़ा वैदिक मन्त्र, रखी मस्जिद की नींव / Vedic Mantras Read by the Priest, Laid the Foundations of the Mosque



-शीतांशु कुमार सहाय
इस समय देशभर में काँग्रेस और वामपंथी दल वाले भारत माता की बेइज्जती पर उतारू हैं। वे कभी तथाकथित साम्प्रदायिकता का मुद्दा उठाते हैं तो कभी आरक्षण के बहाने समाज को जातिवाद की ज्वाला में धकेलने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे देशद्रोही नेता भारत की एकता के दुश्मन हैं मगर देशवासी इनकी मौकापरस्ती को कामयाब नहीं होने देंगे। ऐसे नेताओं के गाल पर करारा तमाचा जड़ा है ग्रेटर नोएडा के मुसलमानों ने। वहाँ के मुसलमानों ने हिन्दू-मुस्लिम एकता को नया आयाम देते हुए ब्राह्मण पुजारी से वैदिक मन्त्रोच्चार करवाते हुए उन्हीं के हाथों मस्जिद की आधारशिला रखवायी। भारत के सभी कट्टर हिन्दुओं और कट्टर मुसलमानों को यह समझना ही होगा कि उनकी समाज में फूट डालने की रणनीति कभी कामयाब नहीं होगी। 
ग्रेटर नोएडा का बिसाहड़ा गाँव हिन्दू-मुस्लिम विवाद के लिए आजकल सुर्खियों में है। देश में भारत माता की जय बोलने पर फतवे आ रहे हैं। वहीं ग्रेटर नोएडा के खेरली भाव गाँव के मुसलमानों ने आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक एकता की मिसाल पेश कर दी। गाँव में शनिवार को मस्जिद तामीर हुई। पंडित ने मंत्रोच्चारण के साथ नींव रखी। मुसलमानों ने भी कलाई पर कलावा (मौली) बँधवाये और प्रसाद बाँटा गया। खेरली गाँव में एक मस्जिद है। जनसंख्या के लिहाज से बड़ी मस्जिद की जरूरत है। गाँव के मंदिर में पंडित ने तय किया कि शनिवार 2 अप्रैल 2016 को नई मस्जिद की नींव रखी जाय, शुभ मुहूर्त है। खेरली समेत आसपास के गाँव से दोनों समुदायों के सैकड़ों लोग को बुलाया गया। पुजारी बाबा महेन्द्र गिरी ने वैदिक मंत्रोच्चारण किया। नींव खुदवाई। चावल और रोली से नाग देवता की पूजा की। हिन्दू परम्परा के मुताबिक मुसलमानों ने भी कलाई पर कलावा (मौली) बँधवाये। हाजी राज मौहम्मद, नसरू ठेकेदार, ओम प्रकाश सिंह, सतवीर सिंह, अब्दुल सलाम ने नींव में ईंटें रखीं। ग्रामीणों ने कहा गाँव में आज भी लोग भाईचारा व अमन के साथ रहते हैं। नेता अपने फायदे के लिए समाज में जहर घोल रहे हैं। करीब तीन हजार की आबादीवाले इस गाँव में हिन्दू व मुस्लिमों की संख्या लगभग बराबर है। लोग के बीच किसी तरह का मनमुटाव नहीं हुआ। कार्यक्रम में पहुँचे किसान नेता ठाकुर धीरेंद्र सिंह ने ग्रामीणों को बधाई दी।
मस्जिद की नींव रखने के बाद रबूपुरा में किसान नेता धीरेन्द्र सिंह के आवास पर किसान महापंचात का आयोजन किया गया। पंचायत के माध्यम से जाति और सम्प्रदायों में नहीं बंटने की अपील की गई। धीरेन्द्र सिंह ने महापंचायत में कहा कि आज राजनैतिक लोगों ने अपने फायदे के अनुसार समाज को ऐसी स्थिति में पहुँचा दिया है कि अमन पंसद लोग को भाईचारा कायम रखने के लिए मशक्कत करनी पड़ रही है। वह देश जहाँ अहिंसा और शान्ति का संदेश दिया जाता था, आज धार्मिक उन्माद और जातीय संघर्ष का अखाड़ा बन चुका है।
दयौरार गाँव के पूर्व प्रधान यशपाल सिंह ने कहा कि कहने को तो देश को आजाद हुए 67 वर्ष हो चुके हैं लेकिन आज भी हम नौकरशाही और सरकारों के गुलाम हैं। पंचायत में करीब 100 गाँवों के लोग ने भाग लिया। ऐसी पंचायतें पूरे क्षेत्र में होंगी। अगली पंचायत थोरा गाँव में 24 अप्रैल 2016 को बुलाई गई है। इस दौरान किशनचंद शर्मा, राजा नम्बरदार, देवेन्द्र सिंह मास्टर जी, चन्द्रपाल सिंह, धर्मवीर सिंह, किरनपाल सिंह, इन्दर प्रधान, ईश्वरचंद शर्मा, लाला बरूआ, दुष्यन्त प्रताप शर्मा मौजदू रहे।

ठाकुर धीरेंद्र सिंह ने बताया कि खेरली गाँव में कई बिरादरी के लोग एक साथ रहते हैं। ग्रामीणों ने मस्जिद में नींव रखने के लिए बुलाया था। वहाँ हिन्दू पुजारी और मौलाना बैठे मिले। सबको देखकर बड़ी खुशी हुई। यह गाँववालों की ही इच्छा थी कि सारे लोग मिलकर मस्जिद की नींव रखें। मुस्लिम समाज ने बेहतरीन मिसाल पेश की है। 
भारत के सभी कट्टर हिन्दुओं और कट्टर मुसलमानों को यह समझना ही होगा कि उनकी समाज में फूट डालने की रणनीति कभी कामयाब नहीं होगी। 
आइये, भारत की एकता, अखण्डता और साम्प्रदायिक सौहार्द के सदियों पुराने ताने-बाने को और मजबूत बनायें।